फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 नवम्बर 2025 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR-2026) के संबंध में आज शाम 4:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी विस्तृत रूप से प्रदान की। उन्होंने अपील की कि दल अपने स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करें तथा गणना प्रपत्र भरवाने में बूथ लेवल अधिकारियों की सहायता करें, ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक और अद्यतन बनाई जा सके।
उप जिलाधिकारी, सदर ने राजनीतिक दलों को गणना प्रपत्र भरने की पूरी प्रक्रिया समझाई और आग्रह किया कि सभी दल अपने बूथ लेवल एजेंटों को सक्रिय कर कार्य में तेजी लाएँ।राजनीतिक दलों द्वारा उपलब्ध कराए गए बूथ लेवल एजेंटों की स्थिति
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि 21 नवम्बर 2025 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार—समाजवादी पार्टी: 781, भारतीय जनता पार्टी: 1490, बहुजन समाज पार्टी: 1531, कांग्रेस पार्टी: केवल 56
उन्होंने सभी दलों से जल्द से जल्द शेष बूथ लेवल एजेंटों की सूची उपलब्ध कराने और विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में पूर्ण सहयोग देने का अनुरोध किया।
बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों को यह भी अवगत कराया गया कि बूथ लेवल एजेंटों की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार होगा।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के सफल संचालन हेतु प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर सभी ने सहमति व्यक्त की।
