मैनपुरी की दो सीटों पर सपा का कब्‍जा, दो सीटें भाजपा के खाते में

उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर मैनपुरी में मतगणना पूरी हो चुकी है। यहां जिले के चार विधानसभा सीटों में से दो भारतीय जनता पार्टी तो दो सीटें समाजवादी पार्टी के खाते में गई हैं। करहल से अखिलेश यादव रिकॉर्ड जीत हासिल की है। वहीं मैनपुरी सीट से भाजपा के उम्‍मीदवार जयवीर सिंह विजयी हुए हैं। मैनपुरी विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह ने जीत हासिल कर ली है। उन्हाेंने 99445 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के राजकुमार यादव को 7264 मतों के अंतर से पराजित किया। राजकुमार यादव को 92181 मत मिले। सीट पर सभी 30 राउंड की मतगणना की मतगणना पूरी हो चुकी है। अभी प्रमाण पत्र नहीं मिला है।

करहल पर मतगणना पूरी हो चुकी है। इस सीट से समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के एसपी सिंह बघेल को 66782 मतों से हराया है। पहले ही राउंड से अखिलेश बढ़त बनाए हुए थे। यह जिले के विधानसभा चुनावाें के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2017 के चुनाव में सपा के सोबरन सिंह यादव के नाम 38405 वोटों के अंतर से जीत का रिकार्ड था। सपा मुखिया अखिलेश यादव को चुनाव में 147237 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी एसपी सिंह बघेल को 80455 वोट हासिल हुए। इस विधानसभा सीट पर सभी 34 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। अभी प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ है।

किशनी सीट पर सपा का 1993 से चला आ रहा वर्चस्व बरकरार रहा। यहां सपा प्रत्याशी दो बार के विधायक ब्रजेश कठेरिया ने 18771 मतों के अंतर से जीत हासिल की। ब्रजेश कठेरिया को 96491 वोट हासिल हुए। जबकि उनके निकटतम प्रत्याशी भाजपा के डा. प्रियरंजन आशु दिवाकर ने 77720 वोट हासिल किए। यहां सभी 30 राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है।

भाजपा ने मैनपुरी जिले की भोगांव सीट पर लगातार दूसरी बार जीत हासिल की। यहां भाजपा प्रत्याशी रामनरेश अग्निहोत्री 5257 वोटों के अंतर से विजयरी रहे। रामनरेश अग्निहोत्री को 96593 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी आलोक कुमार शाक्य को 91336 मत प्राप्त हुए।