फर्रुखाबाद में सनसनीखेज घटना: ग्रामीण ने तमंचे से गोली मारकर की आत्महत्या

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 सितम्बर 2025 जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंजूखिरिया में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने ग्रामीणों को दहला दिया। गांव हब्बापुर निवासी 40 वर्षीय समर पाल कोरी ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

सुबह करीब 5 बजे समर पाल का शव नेता शरद श्रीवास्तव के फार्म के सामने चकरोड पर पड़ा मिला। उनके माथे पर गोली का घाव था और पास में ही तमंचा पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।

सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संजय सिंह और थानाध्यक्ष राजेश रॉय मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मृतक की पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस भी मिला।

बताया गया कि समर पाल शरद श्रीवास्तव के फार्म पर नौकरी करते थे। घटना वाली रात फार्म पर चार मजदूर सो रहे थे, लेकिन अन्य तीन मजदूरों को रात में कोई आवाज या घटना की जानकारी नहीं मिली। सुबह शव दिखाई देने पर मृतक के भतीजे हरिनंदन ने पुलिस को सूचना दी।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। मृतक के हाथ में तमंचा था और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच के लिए खंगाली जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना की गहन जांच जारी है।