फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2025 जनपद में फाइलेरिया के समूल उन्मूलन हेतु व्यापक तैयारियों के क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में फाइलेरिया उन्मूलन की द्वितीय अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) द्वारा अवगत कराया गया कि फाइलेरिया उन्मूलन हेतु मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (MDA) अभियान की शुरुआत 10 अगस्त 2025 से की जा रही है। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जनपद के प्रत्येक ब्लॉक में MDA टीमों का गठन कर दिया गया है। सभी टीमों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा उनका माइक्रोप्लान भी तैयार हो चुका है। आवश्यक दवाओं की आपूर्ति भी पूरी कर ली गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अभियान की शुरुआत विद्यालयों से की जाए, जिससे बच्चों को जागरूक कर उनके माध्यम से परिवारों तक संदेश पहुँचे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर दवा वितरण अभियान चलाया जाए ताकि रोग की रोकथाम समय से हो सके।
जिलाधिकारी ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि वे मदरसों में भी अभियान को सफलतापूर्वक संचालित कराने के लिए संबंधित टीमों के साथ समन्वय करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में जनसहयोग एवं विभागीय समन्वय से जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे दवा का सेवन अनिवार्य रूप से करें और अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
