पीलीभीत में संजीव प्रताप को दोबारा मिली जिम्मेदारी:भाजपा जिला अध्यक्ष बनाया गया

भारतीय जनता पार्टी ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए शुक्रवार को जिला अध्यक्षों की सूची जारी कर दी। ऐसे में पीलीभीत में एक बार फिर संजीव प्रताप के नाम पर मोहर लगाते हुए संजीव प्रताप को जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संजीव प्रताप की दोबारा ताजपोशी होने के बाद अब उनके समर्थक लगातार संजीव प्रताप को फोन कर बधाइयां दे रहे हैं।

विद्यार्थी परिषद से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले संजीव प्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी में जिला अध्यक्ष पद का दायित्व निभा रहे थे। संजीव प्रताप के जिलाध्यक्ष रहते समय भारतीय जनता पार्टी ने जिले की चारों विधानसभा सीटों पर बहुमत हासिल करने का काम किया। इसके साथ ही संजीव प्रताप की अगुवाई में हुए निकाय चुनाव में भी भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन किया।

जिले की तीनों नगर पालिकाओं पर कब्जा जमाने के साथ-साथ भाजपा ने कई नगर पंचायत का चुनाव भी जीता। इसके साथ ही चुनाव पंचायत का हो या फिर संस्था का संजीव प्रताप ने हमेशा पार्टी के प्रति निष्ठावान रहते हुए पार्टी की प्रत्याशियों को जीतने के लिए जी तोड़ मेहनत की। ऐसे में जब तमाम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जीत कर कुर्सी पर बैठे तो भाजपा ने संजीव प्रताप को कुशल रणनीतिकार मानते हुए उन्हें दोबारा भाजपा जिला अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया।

कई कार्यकर्ताओं में हताशा का माहौल

हालांकि, संगठन में तमाम पदों पर विराजमान पदाधिकारी ही खुद को भाजपा जिला अध्यक्ष पद का दावेदार मानकर लखनऊ से लेकर दिल्ली तक के चक्कर लगा रहे थे। ऐसे में जब संजीव प्रताप के नाम की घोषणा हुई तो तमाम पार्टी कार्यकर्ताओं में ही हताशा का माहौल हो गया, लेकिन संजीव प्रताप के नाम पर दोबारा मोहर लगाते ही पार्टी में जश्न का माहौल है। तमाम कार्यकर्ता संजीव प्रताप को फोन कर बधाई दे रहे हैं।

कई दावेदार लखनऊ के लगा रहे थे चक्कर

जिला अध्यक्ष पद का कार्यकाल पूरा होने के बाद एक तरफ जहां पार्टी के ही तमाम पदाधिकारी खुद को भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष पद का आवेदक मानकर लखनऊ के चक्कर लगा रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ संजीव प्रताप ने लखनऊ के चक्कर लगाने की जगह खुद की मेहनत और पार्टी के प्रति निष्ठा पर भरोसा जताया। संजीव प्रताप ने अपने राजनीति का सफर विद्यार्थी परिषद से शुरू किया। तमाम अहम पदों का निर्माण करने वाले संजीव प्रताप को पूरा भरोसा था कि पार्टी के प्रति उनके समर्पण का उन्हें फल जरूर मिलेगा।

लोकसभा चुनाव जितवाना होगी प्राथमिकता

भाजपा द्वारा दोबारा जिला अध्यक्ष बनाए गए संजीव प्रताप की कार्यकर्ताओं के बीच अपनी अलग ही छवि है। संजीव प्रताप का न तो विवादों से कोई नाता है और न ही उनके दामन में कोई दाग। दोबारा जिला अध्यक्ष पद पर विराजमान होने वाले संजीव प्रताप ने दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है इसके लिए वह संगठन का धन्यवाद करते हैं। आगामी लोकसभा चुनाव को मजबूती से जीतना उनकी प्राथमिकता होगी।