फर्रुखाबाद में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 41 शिकायतें प्राप्त

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित जनशिकायतें प्राप्त की गईं और उनके शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 41 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें राजस्व विभाग की 25, पुलिस विभाग की 05, विकास विभाग की 02, विद्युत विभाग की 03 तथा अन्य विभागों की 06 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से आमजन की समस्याओं को सीधे प्रशासन के संज्ञान में लाकर त्वरित समाधान का प्रयास किया गया।