युवक की पिटाई पर कहा-अच्छा हुआ दरोगा जी के पास बेल्ट है, थार या बुल्डोजर नहीं : अखिलेश

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा, ” भाजपा सरकार में पुलिस प्रशासन निरंकुश हो गया है। पुलिस लोगों की रक्षा करने के बजाए उन्हें पीट रही है और प्रताड़ित कर रही है। भाजपा के इशारे पर जनता को अपमानित किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा, ” भाजपा सरकार में अब सीधा जनता पर वार हो रहा है। कहीं पर पुलिस पीड़ितों को पीट रही है, तो कहीं पुलिस अनुशासनहीन होकर विपक्षी दलों पर अलोकतांत्रिक तरीके से कार्रवाई कर रही है। बदायूं की घटना का जिक्र करते हुए कहा, उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक डीजीपी के अकार्यवाहक दरोगा ने अपने आराम में खलल पड़ने पर फरियादी जनता पर ही अपनी बेल्ट से हिंसक प्रतिक्रिया दी। अच्छा हुआ दरोगा जी के पास बेल्ट है, थार या बुल्डोजर नहीं।
अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा सरकार में पुलिस गरीबों पर डंडा चलाकर उनकी आवाज को दबाना चाहती है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है, और लोकतंत्र को खत्म कर रही है। भाजपा सरकार और उसकी पुलिस जनप्रतिनिधियों और आम जनता के प्रति अमानवीय व्यवहार कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है, हर दिन हत्या, लूट डकैती और बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं।
अखिलेश यादव ने कहा है कि अपराधी और गुंडे खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं लेकिन पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है, क्योंकि गुंडों और अपराधियों को भाजपा सरकार और उसके नेताओं का संरक्षण मिला हुआ है। जबकि यही पुलिस निर्दोष जनता को परेशान करती है। विपक्ष के नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार का व्यवहार पूरी तरह से तानाशाही है। अन्याय, अत्याचार चरम पर है। किसी को भी न्याय नहीं मिल रहा है। जनता में भाजपा सरकार के रवैए के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है, प्रदेश की जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सरकार से इस तानाशाही व्यवहार का हिसाब जरूर लेगी।
बदायूं में पुलिस चौकी में फरियाद लेकर पहुंचे एक दलित युवक को दरोगा ने पट्टे से पीट दिया। आरोप है कि दरोगा ने युवक के कपड़े उतरवाए और उसके बाद भी जमकर पट्‌टे बरसाए। इस दौरान दरोगा खुद वर्दी में न होकर हाफ पैंट और बनियान पहने नजर आ रहा है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। SSP डॉ. ओपी सिंह ने दरोगा को सस्पेंड कर कर दिया है।