फर्रुखाबाद में कर व करेतर राजस्व की समीक्षा बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी।

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जून 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कर एवं करेतर विभागों की राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने कई विभागों की राजस्व प्राप्तियों पर गहरी नाराजगी जताई।

बैठक में वाणिज्य कर विभाग की वसूली निर्धारित लक्ष्य से अत्यंत कम पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रवर्तन कार्यवाही तेज करने और वसूली बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए। इसी प्रकार, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग, परिवहन विभाग, खनन विभाग, मंडी परिषद (फर्रुखाबाद एवं कमालगंज) और विद्युत विभाग की वसूली भी काफी कम रही। इन विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए और जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इनकी प्रतिलिपि संबंधित प्रमुख सचिवों को भी भेजी जाएगी।

वहीं दूसरी ओर, आबकारी विभाग और वन विभाग की वसूली अपेक्षाकृत संतोषजनक पाई गई, जिसकी सराहना जिलाधिकारी ने की। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग अपने प्रवर्तन कार्यों को सशक्त करें और आगामी बैठक तक वसूली लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन विभागों की वसूली कम है, वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करें व त्वरित कार्यवाही करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उपजिलाधिकारी अमृतपुर, उपजिलाधिकारी न्यायिक कायमगंज, तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।