फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 दिसम्बर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में विशेष प्रवर्तन पुनरीक्षण (Special Summary Revision) अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र फर्रूखाबाद एवं कायमगंज के सुपरवाइजर और बीएलओ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सुपरवाइजर यह सुनिश्चित करें कि बीएलओ समय पर फॉर्म फीडिंग का कार्य पूरा करें। जो बीएलओ तकनीकी कारणों से फॉर्म फीडिंग नहीं कर पा रहे हैं, उनके फॉर्म ब्लॉक व तहसील स्तर पर तुरंत फीड कराए जाएँ। उन्होंने डिजिटलीकरण कार्य को प्राथमिकता देते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी सभी प्रविष्टियाँ समयबद्ध रूप से अपडेट की जाएँ ताकि विशेष पुनरीक्षण अभियान सुचारू रूप से पूरा हो सके।
जिलाधिकारी द्विवेदी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्तर पर निगरानी मजबूत की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न पाए और सभी नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण समय पर सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी अमृतपुर, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) कायमगंज, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने समस्त सुपरवाइजर व बीएलओ से अपेक्षा जताई है कि वे अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर जिले को शत-प्रतिशत सटीक और अद्यतन मतदाता सूची प्रदान करने में योगदान दें।
