फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 सितंबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट मैनेजमेंट कमेटी (डीएमसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषक उत्पादकता संगठन (एफपीओ) की समीक्षा एवं नए एफपीओ के गठन को लेकर रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में उप कृषि निदेशक श्री अरविन्द मोहन मिश्र, जिला कृषि अधिकारी श्री बी.के. सिंह, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी श्री राघवेन्द्र सिंह, जिला परियोजना समन्वयक (यू.पी. डास्प) डॉ. सत्येन्द्र प्रताप सिंह, मण्डी निरीक्षक श्री प्रियांश मिश्रा, सहायक निदेशक मत्स्य के प्रतिनिधि श्री सत्येन्द्र सिंह, जिला विकास प्रबंधक (नाबार्ड) श्री मितेश यादव सहित जनपद के एफपीओ और सीबीबीओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा यू.पी. डास्प के माध्यम से जिले को 05 नए एफपीओ के गठन का लक्ष्य दिया गया है। इस संबंध में जनपद स्तरीय समिति द्वारा विकास खण्डवार आवंटन को मंजूरी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने सभी सीबीबीओ को निर्देश दिए कि शीघ्रता से नए कृषक उत्पादक संगठन गठित किए जाएं और किसानों को उनके उत्पाद के वितरण एवं विपणन व्यवस्था से जुड़ने की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
कृषक उत्पादक संगठन के प्रतिनिधि राहुल मिश्रा ने बताया कि एफपीओ के सदस्य आपस में सहयोग कर एक-दूसरे के उत्पाद का विपणन कर सकते हैं, जिससे किसानों और संगठनों की आय में बढ़ोतरी होगी।
बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने विभागीय कार्यों की प्रगति भी प्रस्तुत की और आगे की दिशा तय की।
यह कदम न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगा बल्कि सामूहिक प्रयास से जिले में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
