फर्रुखाबाद में 1 करोड़ से अधिक की निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक, डीएम ने दिए कड़े निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जून 2025 जनपद में चल रही निर्माण परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में किया गया। इस बैठक में ₹1 करोड़ से अधिक लागत वाली कुल 56 निर्माणाधीन योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन विकास निगम लिमिटेड को पांचाल घाट पर निर्माणाधीन घाट स्थल से मलबा हटाने और एजिंग में प्रयुक्त हो रही ईंटों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण द्वारा ढिलावल व सिरौली पेयजल परियोजना की धीमी प्रगति पर डीएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। वहीं, यूपीसीएलडीएफ द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही, यूपीसीसिडको की कार्य गति पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने कार्यों में तेजी लाने को कहा। सीएंडडीएस को पुलिस लाइन में निर्माणाधीन ट्रांजिट हॉस्टल की बाउंड्री वॉल को तुरंत बनवाने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो भी कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें नियमानुसार संबंधित विभागों को हैंडओवर किया जाए। उन्होंने सभी अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने प्रोजेक्ट का नियमित निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सूचना दें।

डीएम ने यह भी कहा कि सभी निर्माण कार्यों में मानक और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे हों। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के निर्देशों से स्पष्ट है कि प्रशासन निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।