फर्रुखाबाद में तम्बाकू प्रतिस्थापन हेतु किसानों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू – यूपीडास्प ने जारी की सूचना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अक्टूबर 2025 जिला परियोजना समन्वय इकाई, यूपीडास्प (उत्तर प्रदेश विविध कृषि विकास परियोजना) फर्रुखाबाद की ओर से किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। कृषि विवधीकरण परियोजना अन्तर्गत सीडीपी-टीआर (तम्बाकू प्रतिस्थापन परियोजना) के तहत जनपद फर्रुखाबाद में क्लस्टर प्रदर्शन एवं यंत्रीकरण के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2025 से 13 नवम्बर 2025 तक खोली जाएगी।

इस परियोजना का उद्देश्य जिले में तम्बाकू की खेती को कम करते हुए किसानों को गेहूं, सरसों एवं रबी सब्जियों जैसी वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही किसानों को कृषि यंत्रीकरण के लाभ से भी जोड़ा जाएगा ताकि उत्पादन लागत घटे और आय में वृद्धि हो।

जिला परियोजना समन्वयक डा. सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि इच्छुक किसान यूपीडास्प की वेबसाइट www.updasp.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन “प्रथम आवक प्रथम पावक” के आधार पर स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन के बाद आवश्यक दस्तावेज़ों और बिल-वाउचर की प्रतियां यूपीडास्प कार्यालय, बनखड़िया, नियर रेलवे क्रॉसिंग, जेएनवी रोड, फतेहगढ़ पर जमा करनी होंगी।

अधिक जानकारी के लिए किसान मोबाइल नंबर 7510001689 पर संपर्क कर सकते हैं। परियोजना के तहत तम्बाकू के स्थान पर अधिक लाभदायक व पर्यावरण-अनुकूल फसलों को अपनाने के लिए किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और यंत्रीकरण सहायता प्रदान की जाएगी।