कानपुर में गौतम बुद्धा पार्क को शिवालय पार्क में बदलने की योजना पर उठे सवाल, मुख्यमंत्री से की गई आपत्ति दर्ज

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अगस्त 2025 कानपुर नगर निगम द्वारा हाल ही में 15 करोड़ रुपये की लागत से गौतम बुद्धा पार्क को शिवालय पार्क में परिवर्तित करने की योजना स्वीकृत की गई है। इस निर्णय के विरोध में अनमोल रतन शाक्य, प्रधान प्रतिनिधि युवा जिला महासचिव फर्रुखाबाद ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भेजकर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है।

अपने पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि गौतम बुद्धा पार्क शहर का एक बड़ा हरित क्षेत्र ही नहीं, बल्कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और तथागत भगवान गौतम बुद्ध की करुणा, समानता और बंधुत्व की विचारधारा से जुड़ा हुआ एक प्रतीकात्मक स्थल है। इसे किसी विशेष धर्म या सम्प्रदाय के स्वरूप में परिवर्तित करना बहुजन समाज की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला कदम बताया जा रहा है।

अनमोल रतन शाक्य ने मुख्यमंत्री से तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—

1. गौतम बुद्धा पार्क को शिवालय पार्क में बदलने की योजना पर तत्काल रोक लगाई जाए।

2. पार्क का मौजूदा स्वरूप सुरक्षित रखा जाए तथा इसे बुद्ध-आंबेडकर सांस्कृतिक पार्क के रूप में और विकसित किया जाए।

3. यदि धार्मिक पर्यटन हेतु शिवालय पार्क विकसित करना है तो इसके लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए।

उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना यही है कि सार्वजनिक स्थलों को किसी विशेष धार्मिक स्वरूप में परिवर्तित न किया जाए। इस प्रकार का कदम सामाजिक समरसता और समानता की भावना को आहत कर सकता है।

पत्र के अंत में उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संविधानसम्मत मूल्यों और सामाजिक सद्भाव की रक्षा हेतु संवेदनशील निर्णय लेंगे।