फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 सितम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में 02 अक्टूबर गाँधी जयंती को भव्यतापूर्ण तरीके से मनाने हेतु तैयारी बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कराई जाए और विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रमों को समयबद्ध और ससम्मान सम्पन्न कराने के निर्देश भी दिए।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि—
सुबह 07:00 बजे स्व. ब्रम्हदत्त स्टेडियम से क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन होगा। 07:30 बजे पांचाल घाट पर कुष्ठ रोगियों और गरीब बच्चों को फल वितरण किया जाएगा तथा जिलाधिकारी के नेतृत्व में सफाई अभियान चलेगा। 09:00 बजे सभी राजकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण होगा। 09:00 से 10:00 बजे तक वाद-विवाद प्रतियोगिता और विचार गोष्ठी का आयोजन विद्यालयों व महाविद्यालयों में होगा।
10:00 बजे बीएसए द्वारा चयनित विद्यालय में जिलाधिकारी प्रतिभाग करेंगे। 10:30 बजे गाँधी आश्रम में जिलाधिकारी चरखा कताई करेंगे। 12:00 बजे जिला कारागार में बंदियों को फल वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक व अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिले में इस बार गाँधी जयंती का आयोजन उत्साह, अनुशासन और गाँधी जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प के साथ किया जाएगा।
