फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 सितम्बर 2025 संकिसा धम्मा लोको बुद्ध विहार सेवा ट्रस्ट के नेतृत्व में आगामी 5 व 6 अक्टूबर को संकिसा में आयोजित होने वाले बुद्ध महोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए ट्रस्ट ने सभी स्तरों पर व्यवस्थाओं को गति दी है। ट्रस्ट के प्रबंधक एडवोकेट राहुल शाक्य ने जानकारी दी कि बुद्ध महोत्सव की तैयारियों को लेकर 21 सितंबर को दोपहर 12 बजे धम्मा लोको बुद्ध विहार में एक आवश्यक बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ताओं के नामों पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही बौद्ध अनुयायियों एवं आमंत्रित श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था, वालिंटियर्स टीम, टेंट-लाइट, साउंड सिस्टम तथा अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियाँ तय की जाएंगी।एडवोकेट राहुल शाक्य ने बताया कि बुद्ध महोत्सव में भाग लेने के लिए जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के आने की पुष्टि हो गई है। इसके अलावा कई अन्य प्रमुख बौद्ध एवं सामाजिक हस्तियों के भी शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि यह महोत्सव न केवल बौद्ध अनुयायियों के लिए एक धार्मिक एवं सांस्कृतिक अवसर होगा बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का संदेश भी देगा। उन्होंने सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारियों, बौद्ध अनुयायियों एवं अंबेडकरवादी विचारधारा से जुड़े लोगों से अपील की कि वे समय से बैठक में पहुँचकर अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि आयोजन को और भी भव्यता प्रदान की जा सके। संकिसा में हर वर्ष आयोजित होने वाला यह बुद्ध महोत्सव हजारों श्रद्धालुओं और अनुयायियों के आकर्षण का केंद्र बनता है। इस बार भी उम्मीद है कि देशभर से बौद्ध, अंबेडकरवादी कार्यकर्ता और सामाजिक न्याय के अनुयायी बड़ी संख्या में महोत्सव में भाग लेने पहुँचेंगे। इस बार की विशेषता यह होगी कि आयोजन को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए अलग-अलग समितियाँ गठित की जाएंगी, जो भोजन, आवास, परिवहन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालेंगी।
