कन्नौज में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु पुलिस-व्यापारी गोष्ठी आयोजित

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अगस्त 2025 व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय सभागार में व्यापार मंडल/व्यापारिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।

इस गोष्ठी में जनपद के विभिन्न व्यापार मंडल, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक के दौरान एएसपी ने व्यापारियों से उनकी समस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के अंतर्गत पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण न किया जाए और सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठान के भीतर ही व्यवसाय करें, ताकि शहर में जाम की समस्या को कम किया जा सके।

गोष्ठी में व्यापारियों ने भी अपने सुझाव दिए और पुलिस द्वारा की जा रही पहल का स्वागत किया। पुलिस और व्यापारियों के बीच इस संवाद को सभी ने एक सकारात्मक कदम बताया, जिससे भविष्य में व्यापारिक गतिविधियों को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।