फर्रुखाबाद में पुलिस मुठभेड़ : शातिर अपराधी सिकंदर घायलावस्था में गिरफ्तार, साथी फरार

फर्रुखाबाद (द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 25 कायमगंज कोतवाली पुलिस ने बीती रात एक मुठभेड़ के दौरान शातिर अपराधी सिकंदर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गोली लगने से घायल हुए अपराधी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।

नहर पटरी पर हुई मुठभेड़

जानकारी के अनुसार, कोतवाली कायमगंज पुलिस विशेष अभियान के तहत बीती रात ग्राम नरसिंहपुर की नहर पटरी पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश घबरा गए और भागने लगे। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिससे एक बदमाश घायल हो गया। घायल अवस्था में अपराधी को दो पुलिसकर्मियों ने कंधे के सहारे उठाकर बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

अपराधी की हुई पहचान

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान मैनपुरी जनपद के करहल कस्बे की गिहार कॉलोनी निवासी सिकंदर गिहार के रूप में हुई है। सिकंदर पर करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह अन्तरजनपदीय अपराधी के रूप में चिन्हित है।

पुलिस ने मौके से एक बाइक, तमंचा, खोखा-कारतूस और 6 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि सिकंदर पहले भी कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।

सीएचसी में भर्ती, साथी की तलाश जारी

कोतवाली कायमगंज के इंस्पेक्टर रामावतार ने बताया कि घायल सिकंदर को इलाज के लिए सीएचसी कायमगंज में भर्ती कराया गया है। वहीं फरार बदमाश की तलाश के लिए पुलिस ने दबिश शुरू कर दी है।

पुलिस की बड़ी सफलता

अधिकारियों का कहना है कि फर्रुखाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। मुठभेड़ में अंतरजनपदीय अपराधी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।