फर्रुखाबाद में पुलिस–बदमाश मुठभेड़: ट्रांसफार्मर तेल चोरी गिरोह का सदस्य घायल, बड़ी मात्रा में तेल बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 दिसंबर 2025 जनपद में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस एवं एसओजी टीम की बीती रात थाना क्षेत्र के नहरिया के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, रात में वाहन सवार कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन बदमाश घबरा गए और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में थाना नवाबगंज के ग्राम बांसमई निवासी सनी सिंह पुत्र सुख निदान सिंह गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि मोहम्मदाबाद एवं नवाबगंज थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर का तेल एवं उपकरण चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस व एसओजी टीम सक्रिय रूप से तलाश कर रही थी। इसी क्रम में यह मुठभेड़ हुई, जिसमें तेल चोरी गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह घायल होकर पकड़ा गया।

पुलिस ने मौके से सनी सिंह के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, कारतूस, एक ईको गाड़ी तथा ट्रांसफार्मर तेल से भरे कई पीपे व अन्य उपकरण बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि सनी सिंह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित करीब तीन दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

फरार हुए बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा करते हुए सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ट्रांसफार्मर तेल चोरी जैसी घटनाओं पर अब प्रभावी अंकुश लगेगा।