फर्रुखाबाद में आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस सतर्क, एएसपी डॉ. संजय सिंह ने की पैदल गश्त।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2025 जनपद में आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा एवं विभिन्न त्योहारों के मद्देनज़र कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डॉ. संजय सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर शांति व्यवस्था का जायजा लिया गया।

एएसपी डॉ. संजय सिंह ने क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय तथा थाना मऊदरवाजा प्रभारी निरीक्षक बलराज भाटी के साथ नगर के मुख्य मार्गों, बाजारों, मंदिर परिसरों एवं भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च किया। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी तरह की शांति भंग करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डॉ. संजय सिंह ने कहा कि श्रावण मास के दौरान शिवभक्तों की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं कि धार्मिक स्थलों, बाजारों, कांवड़ मार्गों व सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। CCTV कैमरों की निगरानी, पुलिस पिकेट, महिला पुलिस की तैनाती और ट्रैफिक व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और विश्वास जताया कि आगामी पर्व व आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होंगे।