पीएम मोदी ने किया सावधान, कहा- अस्थिरता पैदा करने के लिए सीएए और कृषि कानूनों का सहारा ले रहा विपक्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के खिलाफ पूरे देश में संयोजित तरीके से फैलाए जा रहे झूठ और दुष्प्रचार के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं को सावधान किया है। पार्टी के 41वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने अस्थिरता पैदा करने के लिए नागरिकता संशोधन कानून (सीएए), कृषि सुधार कानूनों और श्रम कानूनों का सहारा लिया। सीएए को लेकर यह भ्रम फैलाया गया कि कुछ लोगों की नागरिकता चली जाएगी तो कृषि कानूनों को लेकर खेतों पर कारपोरेट के कब्जे का भ्रम फैलाया गया। 

मोदी ने भाजपा को चुनाव जीतने की मशीन बताए जाने का भी प्रतिवाद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने की मशीन नहीं, देश और देशवासियों का दिल जीतने का एक अविरल-अनवरत अभियान है।सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को भाजपा सरकार का मूलमंत्र बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सरकार में हों या ना हों, पांच साल तक ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करते हैं, उनसे जुड़े रहते हैं। आम जनता का दिल जीतने के इस अथक कोशिश का नतीजा ही चुनावों में जीत के रूप में सामने आता है। लेकिन कुछ लोग भाजपा को चुनाव जीतने की मशीन बताकर आम जनता के साथ उसके जुड़ाव को कम करने की कोशिश करते हैं। 

केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने समाज के अंतिम छोड़ पर खड़े गरीब, पिछड़े, अनुसूचित जाति, किसान और महिलाओं के उत्थान के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि इसके पहले किसी सरकार ने 10 करोड़ छोटे किसानों की समस्या को दूर करने की कोशिश नहीं की, जबकि नीम कोटिंग यूरिया से लेकर कृषि सुधार कानून तक में इन्हीं छोटे किसानों की समस्या को दूर करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि आज भाजपा से गांव-गरीब का जुड़ाव इसलिए बढ़ रहा है, क्योंकि वह पहली बार अंत्योदय को साकार होते देख रहा है।भाजपा की मजबूती को लोकतंत्र की मजबूती से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि कभी क्षेत्रीय आकांक्षाओं के बल कर सत्ता में आने वाली पार्टियां परिवारों में सिमट कर रह गई। वहीं भाजपा की सरकारें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय आकांक्षाओं को एक साथ पूरा करने में सफल हो रही हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा पर सांप्रदायिक पार्टी होने के आरोप लगाने वालों को भी आड़े हाथों लिया। उनके अनुसार, भाजपा सरकार की सभी योजनाएं और कार्यक्रम आम जनता के हित देखकर बनाए जाते हैं। वहीं भाजपा पर सांप्रदायिकता का आरोप लगाने वाले दलों के कामकाज को देखें तो उनकी नीतियां और कार्यक्रम वोट बैंक को ध्यान में रखकर खास वर्ग को लुभाने के लिए बनाए जाते हैं। उन्होंने कहा, राज्य हो या केंद्र भाजपा की किसी सरकार ने अपनी नीतियां किसी खास विशेष वर्ग को ध्यान में रखकर नहीं बनाई।