पीलीभीत :जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति एवं पर्यावरण समिति की बैठक हुई सम्पन्न।

पीलीभीत/ जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक गांधी सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान डीएफओ द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा की गई जियो टैगिंग की स्थिति से अवगत कराया गया। उन्होंने ट्री गार्ड की उपलब्धता हरिशंकरी रोपण, विद्यार्थियों के जागरूकता कार्यक्रम एवं जनजागरूकता हेतु नुक्कड़ नाटक कराए जाने के संबंध में जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला पर्यावरण समिति में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। क्लब, स्कूल को अभियान में शामिल किया जाए। उन्होंने वृक्ष कॉरिडोर विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को सभी हाइस्कूल एवं इंटर कॉलेज में इको क्लब की स्थापना किये जाने के निर्देश दिए। जिला गंगा समिति के अंतर्गत डीएफओ द्वारा अवगत कराया गया कि गोमती नदी के किनारे 16 में से 16 गांव ओडीएफ प्लस हो गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि हाइवे के किनारे कूड़ा नहीं दिखना चाहिए अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा गोमती नदी के तटवर्ती ग्रामों में जैविक कृषि पद्धति तथा जल संचयन सम्बन्धित सिंचाई पद्धतियों को बढ़ावा दिए जाने के निर्देश दिए गए। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु सभी ग्राम पंचायतों को भूमि उपलब्ध कराने तथा जहां भूमि उपलब्ध हो चुकी है उसमें आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, डीएफओ, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), मुख्य चिकित्साधिकारी, एआरटीओ सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।