पीलीभीत : पुलिस से धक्का मुक्की कर छुडा लिया चोरी का आरोपी पुलिस ने दरोगा की ओर से मामले में दर्ज किया मुकदमा

पूरनपुर। चोरी के आरोपी को पुलिस से छुड़ाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के गांव धर्मापुर में गांव मुजफ्फरनगर निवासी किसान रंजीत सिंह के घर में 25 जुलाई की शाम दीवार फांदकर घुसे चोरों ने 20 तोला सोने के जेवरात और 26 हजार की नकदी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने घटना के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया था। 30 जुलाई को गांव धर्मापुर निवासी राजू और उसके साथी घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव गुलडिया भूपसिंह निवासी यशपाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अन्य आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी। मंगलवार शाम चोरी के आरोपी गांव धर्मापुर निवासी छत्रपाल के घर होने की सूचना पर दरोगा वरुण राना, प्रदीप मलिक और कांस्टेबल मनीष यादव गांव पहुंचे। पुलिस टीम ने घर के बाहर खड़े आरोपी छत्रपाल को पकड़ लिया था।इस दौरान आरोपी के घर की महिलाओं ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए धक्कामुक्की कर आरोपी को छुड़ा लिया। पुलिस की पकड़ से छूटते ही आरोपी भाग निकला। महिलाओं के विरोध पर पुलिसकर्मी अपनी मोटरसाइकिलें छोड़कर मौके से निकल गए।पुलिस ने मामले में दरोगा वरुण राना की ओर से आरोपी छत्रपाल के भाई इतवारी लाल, बुद्धा, उसकी पत्नी रेनू, राजू की पत्नी पीरो, इतवारी की पत्नी क्रांति, रूपा और पांच अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।