पीलीभीत :जिलाधिकारी द्वारा मण्डी में धान खरीद हेतु स्थापित केन्द्रों पर व्यवस्थाऐं सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत किया गया औचक निरीक्षण

पीलीभीत : जिलाधिकारी श्री पुलकित खरे ने 01 अक्टूबर से प्रारम्भ हो रही धान खरीद हेतु मण्डी में स्थापित क्रय केन्द्रों पर व्यवस्थाऐं सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मण्डी में स्थापित किये गये 22 क्रय केन्द्रों के सम्बन्ध में निर्देशित करते हुये कहा कि प्रत्येक सैड में 04 क्रय केन्द्र स्थापित किये जाये और यह भी सुनिश्चित किया जाये कि एक क्रय एजेंसी के समस्त केन्द्रों को एक साथ एक सैड में ही स्थापित किया जाये। जिससे क्रय एजेंसियां के संसाधनों में कोई समस्या आने पर आपसी समन्वय स्थापित कर बिना रूके नियमित खरीद सुनिश्चित कर सके, साथ ही साथ एजेन्सियों की नियमित समीक्षा करने में भी कोई समस्या उत्पन्न नही होगी। उन्होंने सभी जिला प्रबन्धकों को कडे़ निर्देश देते हुये कहा कि कल शाम तक सभी केन्द्रों पर केन्द्र के नाम व सैड संख्या, केन्द्र नं0 संख्या सहित बैनर स्थापित करना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि सभी केन्द्र पर खरीद हेतु आवश्यक उपकरण मानक के अनुरूप उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि केन्द्रों पर 02 इलेक्ट्रानिक कांटा, 01 नमीमापक यंत्र, विनोइंग फैन एवं डबल जाली का छलना सहित समस्त व्यवस्थाऐं कल तक सुनिश्चित कर ली जाये। उन्होंने कहा कि धान खरीद मानक के अनुरूप समस्त व्यवस्थाऐं सुनिश्चित करते हुये सम्पन्न की जायेगी। इसके साथ ही क्रय केन्द्रों पर आने वाले किसानों के पेयजल व्यवस्था सहित जन सुविधाऐं उपलब्ध कराई जाये। केन्द्र प्रभारियों एवं जिला प्रबन्धकों का पूर्ण उत्तरदायित्व निर्धारित किया जायेगा कि किसी भी प्रकार की कोई कमी या समस्या हो तो उसे कल तक पूर्ण कर लिया जाये। उन्होंने मण्डी सचिव को निर्देशित करते हुये कहा कि जिन सैडो में सरकारी धान क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं वहां पर कोई भी आढती खरीद नही करेगा, उनके लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाये। साथ ही साथ मण्डी सचिव को यह भी निर्देशित किया गया कि मण्डी में पंजीकृत आढतियों के लाइसेंस एवं आवंटित गोदामों का मानक के अनुरूप सत्यापन कराते हुये सूची उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि मण्डी में आवारा घूम रहे पशुओं पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाया जाये, यदि कोई पशु मण्डी में घूमता पाया गया तो पूर्ण उत्तरदायित्व मण्डी सचिव का निर्धारित किया जायेगा। इसके साथ ही साथ उन्होंने मण्डी सचिव को कडे़ निर्देश दिये गये कि मण्डी की टूटी हुयी वाउण्ड्रीवाल की मरम्मत कार्य कराकर पूर्ण करा ली जाये तथा मण्डी में आने वाले धान के प्रवेश एवं निकासी हेतु द्वार निर्धारित करते हुये द्वार पर पुलिस व्यवस्था कराना सुनिश्चित की जाये। जनपद में स्थापित धान क्रय केन्द्रों का उप जिलाधिकारियों द्वारा भी आज निरीक्षण किया गया। धान खरीद हेतु जनपद में 83 केन्द्र अबतक स्थापित किये गये हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट श्री अरूण कुमार सिंह, प्रभारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी, मण्डी सचिव सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहें।

सवांददाता :रामगोपाल कुशवाहा