पीलीभीत : गैस हीटर जलाकर सोए शेरपुरकलां के पिता-पुत्र की मौत

पीलीभीत के पूरनपुर में कमरे में गैस हीटर जलाकर सोए शेरपुरकलां निवासी शम्मू (30) और उसके पांच महीने के पुत्र की दम घुटने से दिल्ली में मौत हो गई। शम्मू की पत्नी उजमा बेहोशी की हालत में कमरे में मिलींं। उजमा को नोएडा के एक प्राइवेट अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। पिता-पुत्र का शव घर पहुंचते ही परिजन में कोहराम मच गया।

घटना नोएडा के छिजारसी में बृहस्पतिवार रात की है। शम्मू पत्नी उजमा, पांच महीने के पुत्र मोहम्मद अहमद के साथ किराये के घर में रहकर एक गारमेंट्स फैक्टरी में सिलाई का काम करता था। गांव शेरपुरकलां निवासी शम्मू के चाचा हनीफ खां ने बताया कि शम्मू के पांच भाइयों में चार भाई नोएडा में रहकर अलग-अलग काम करते हैं।

बृहस्पतिवार को कड़ाके की ठंड होने पर शम्मू कमरे में गैस हीटर जलाकर परिवार के साथ सोया था। शुक्रवार को उसके कमरे के बाहर न निकलने पर पड़ोसियों ने कई आवाजें दीं। कोई प्रतिक्रिया न होने पर पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। तब कमरे से गर्म हवा और धुआं निकाला। शम्मू और उसके बेटे का शव बेड पर पड़ा था। उजमा भी कमरे में बेहोशी की हालत में मिलीं। पड़ोसियों ने आनन-फानन में उजमा को उपचार के लिए छिजारसी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला को वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर शम्मू का भाई शहबाज मौके पर पहुंचा। उसने शवों का पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
कोतवाली सेक्टर-63 नोएडा पुलिस ने पिता-पुत्र के शव का पोस्टमार्टम कराकर भाइयों को सौंप दिया। शनिवार को पिता-पुत्र के शव घर पहुंचने पर उनके परिजन में कोहराम मच गया। गांव के कब्रिस्तान में अलग-अलग कब्र में दोनों को सुपर्दे खाक कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शम्मू परिवार के साथ करीब छह महीने पहले बहन की शादी में आया था। कुछ दिन बाद नोएडा लौट गया था।

पांच भाइयों में बड़ा था शम्मू
पूरनपुर के शम्मू पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके चार भाई नोएडा में रहकर ही अलग-अलग काम करते हैं। शम्मू की एक बहन की शादी हो चुकी है। शम्मू का एक भाई गांव में ही रहकर मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है।

संदिग्ध रूप से झुलसी युवती रेफर
पूरनपुर में संदिग्ध रूप से झुलसी गांव मुझा खुर्द निवासी शिवा (३०) को सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन ने युवती के खुद आग लगाने की जानकारी दी।