पीलीभीत : उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा संचालित बाल साहित्य संबर्द्वन योजना के अन्तर्गत वर्ष 2021 के लिए दिये जाने वाले दस बाल साहित्य सम्मानों यथा-सुभद्रा कुमारी चौहान महिला बाल साहित्य सम्मान, सोहन लाल द्विवेदी बाल कविता सम्मान, निरंकार देव सेवक बाल साहित्य इतिहास लेखन सम्मान, अमृतलाल नागर बाल कथा सम्मान, शिक्षार्थी बाल चित्रकला सम्मान, लल्ली प्रसाद पाण्डेय बाल साहित्य पत्रकारिता सम्मान, डॉ0 रामकुमार वर्मा बाल नाटक सम्मान, आचार्य कृष्ण विनायक फड़के बाल साहित्य समीक्षा सम्मान, जगपति चतुर्वेदी बाल विज्ञान लेखन सम्मान एवं उमाकान्त मालवीय युवा बाल साहित्य सम्मान के लिए साहित्यकारों/साहित्यिक संस्थाओं से संस्तुतियां आमंत्रित है। संस्तुतिकर्ता का स्पष्ट नाम पता, दूरभाष सहित तथा जिसके नाम की संस्तुति की जा रही है उसका जीवनवृत्त संस्तुति प्रपत्र के साथ संलग्न होना अनिवार्य है। प्रत्येक सम्मान की धनराशि इक्यावन हजार होगी। सम्मान हेतु साहित्यकार का नाम, जन्मतिथि, जन्म स्थान, प्रकाशित साहित्य, पूर्व में प्राप्त पुरस्कार/सम्मान आदि का विवरण, अन्य साहित्यिक उपलब्धियॉ, सम्पर्क सूत्र, संस्तुतिकर्ता का स्पष्ट नाम व पता होना अनिवार्य है। एक संस्तुति प्रपत्र पर किसी एक साहित्यकार के नाम की संस्तुति ही मान्य। संस्तुति प्रपत्र के साथ साहित्यकार का जीवनवृत्त लगाना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि के उपरान्त प्राप्त संस्तुतियों पर विचार नहीं किया जायेगा। उक्त समस्त बाल साहित्य सम्मान संस्थान द्वारा सम्बन्धित नियमों के अन्तर्गत प्रदान किये जायेंगे, जिन पर संस्थान का निर्णय अन्तिम होगा तथा उस पर किसी प्रकार की आपत्ति अस्वीकार्य होगी। उपर्युक्त बाल साहित्य सम्मानों हेतु संस्तुतियॉ बाल साहित्य सम्मान सम्बन्धी शीर्षक से निदेशक उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान लखनऊ-226001 को भेजी जायेगी। जिसकी अन्तिम तिथि 06 जून 2022 है। उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान बाल साहित्य सम्मान नियमावली 2015 संस्तुति प्रपत्र तथा सम्मानों से सम्बन्धित अन्य जानकारी संस्थान की वेबासाइट www.uphindisansthan.in पर उपलब्ध है और उसमें उपर्युक्त निर्धारित प्रपत्र भी उपलब्ध है, जिन्हे डाउनलोड किया जा सकता है। सम्मानों की संस्तुतियां संस्थान की ईमेल directoruphindi@yahoo.in पर भी निर्धारित तिथि के भीतर भेजी जा सकती है, जिसे संस्तुतिकर्ता को डाक द्वारा मूल रूप में हस्ताक्षर सहित संस्थान को भेजनी होगी।