पूरनपुर। परिषदीय स्कूलों में ग्रीष्मावकाश के पश्चात पहले दिन भाजपा विधायक ने शेरपुर कलां में पहुंचकर स्कूल चलो अभियान व संचारी रोग के नियंत्रण हेतु जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और बच्चों को निःशुल्क पुस्तकों का वितरण किया। ब्लाक क्षेत्र पूरनपुर के गांव शेरपुर कलां के उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्षेत्रीय विधायक बाबूराम पासवान व खण्ड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेन्द्र सिंह ने पहुंचकर स्कूल चलो अभियान व संचारी रोग के नियंत्रण हेतु जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्कूली बच्चों को पुस्तकों का वितरण किया। जिससे बच्चे पुस्तकें पाकर खुशी से झूम उठे। रैली में बच्चों और अध्यापकों ने गांव की गलियों में रैली निकालते हुए नारा लगा रहे थे- चौका बर्तन और सफाई, फिर भी लड़की करें पढ़ाई । मम्मी पापा हमें पढ़ाओ , स्कूल में चलकर नाम लिखाओ। आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे। स्वच्छता अपनाएं, बीमारी भगाएं। हम सबने यह ठाना है, संचारी रोगों को भगाना है आदि नारे लगा रहे थे।
विधायक बाबूराम पासवान ने कहा कि सरकार परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित कर रही हैं जिसमें गांव के गरीब बच्चे इसका लाभ उठा रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि बेसिक स्कूलों में ग्रीष्मावकाश के बाद पहले दिन स्कूलों में बच्चों का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में कुशल अध्यापकों द्वारा गुणवत्तापरक शिक्षा दी जा रही है। सभी अभिभावक अपने बच्चों को प्रतिदिन स्कूल अवश्य भेजें। कार्यक्रम में शिक्षक वासुदेव यादव, मो. फुरकान, दिलनवाज खान, कपिल गुप्ता, संजय भारती, दबीरा, अरशद, इरशाद अहमद, फईम आदि मौजूद रहे। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय खाता, डूडा कालोनी नम्बर आठ, कम्पोजिट विद्यालय अमरैयाकलां, रुद्रपुर, रघुनाथपुर, नवदिया टोडर आदि स्कूलों में स्कूल चलो अभियान, संचारी रोग के नियंत्रण हेतु जागरूकता रैली निकाली गई और बच्चों को पुस्तकें वितरण की गई। इसमें विजयलक्ष्मी, राधाकृष्ण कुशवाहा, पारुल गुप्ता, राजेश्वरी, सर्वेश कुमार स्वर्णकार, अवधेश कुमार, कंचन देवी कुशवाहा, कपिल पाण्डेय, विजय कुमार सोनी, उमाशंकर, शालिनी, रामसेवक, शेखर दीक्षित, कुंदन सिंह आदि मौजूद रहे।
