पीलीभीत: इंडो-नेपाल सीमा पर अवैधानिक गतिविधि पर लगेगी रोक

इंडो- नेपाल सीमा पर अवैधानिक गतिविधि रोकने को कमिश्नर-आईजी ने बनाई रणनीति
पीलीभीत, अमृत विचार: इंडो नेपाल सीमा पर अवैधानिक गतिविधि पर नियंत्रण को लेकर मंडलायुक्त बरेली सौम्या अग्रवाल और आईजी डॉ.राकेश सिंह ने समीक्षा बैठक की। इस दौरान मौजूदा स्थिति की जानकारी की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

गांधी सभागार में मंगलवार दोपहर भारत-नेपाल सीमा के प्रभावी प्रबंधन एवं सीमा पर अवैधानिक गतिविधियों के प्रभावी नियंत्रण के लिए गठित टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई। जिसमें भारत-नेपाल सीमा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। बार्डर एरिया से सम्बन्धित पिलरों की मरम्मत, संयुक्त पेट्रोलिंग, जाली मुद्रा, महिला तस्करी, वाहन चोरी आदि आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर रणनीति बनाई गई।

उन्होंने दोनों राष्ट्रों की सीमा सुरक्षा बल, पुलिस/प्रशासनिक सहित अन्य अधिकारियों के साथ संयुक्त पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। मादक पदार्थों, खाद्यान्न, खाद की तस्करी के बारे में जानकारी जुटाई। कमिश्नर और आईजी ने अभियान चलाकर बार्डर एरिया में तस्करी पर रोक लगाने पर जोर दिया।

आईजी ने एसडीएम पूरनपुर, एसडीएम कलीनगर व आईवी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नेपाल राष्ट्र के सीडीओ व पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर बैठक करें। बार्डर एरिया में जो भी गतिविधियों हो रही हो उन पर की जाए और गतिविधियों पर रोक लगाएं।

उन्होंने कहा कि बार्डर एरिया के धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर लें। उनकी नियमित निगरानी कराते रहें। एसपी अतुल शर्मा को निर्देश दिए कि सीमावर्ती इलाकों में कैंप लगाएं। ग्रामीणों से गतिविधियों के बारे में जानकारी की जाए। ग्रामीणों की समस्याएं भी दूर करें। बार्डर एरिया में संचालित ऐसे टावर जहां पर जनरेटर नहीं है उन कम्पनियों के अधिकारियों से सम्पर्क कर जनरेटर की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।