पीलीभीत : प्लास्टिक के प्रयोग से बचें, पर्यावरण को बचाने हेतु करें वृक्षारोपण-सौम्या अग्रवाल

वृक्षारोपण जन अभियान 2025 (एक पेड़ माँ के नाम 2.0) का जनपद में शुभारंभ राज्यमंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी मिलें, उ0प्र0, संजय सिंह गंगवार, विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानन्द, जिला पंचायत अध्यक्षा डॉ0 दलजीत कौर, नगर पालिका अध्यक्षा डॉ0 आस्था अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख ललौरी खेड़ा व मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ऋतु पूनिया एवं उप जिलाधिकारी सदर, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य सगीता अनेजा सहित अन्य के द्वारा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं छात्र/छात्राओं द्वारा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्रागंण में गुलमोहर सहित अन्य पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण के सम्बन्ध में भाषण/कविता का वाचन किया गया। डीएफओ द्वारा वृक्षारोपण जन अभियान के सम्बन्ध में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 01 से 07 जुलाई के बीच जन्मे बच्चों के अभिभावकों को एक इमारती पौधा तथा ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट दिया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की महत्वाकांक्षी योजना के तहत पूरे प्रदेश में इस वित्तीय वर्ष में 37 करोड पौध रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत देश सभ्यताओं का देश रहा है, भारत अपनी सस्कृति के लिए पहचाना जाता है। हम वृक्षों की देवी-देवताओं के रूप में पूजा करते है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सोनभद्र व पीलीभीत सबसे अधिक वृक्षावरण/वनावरण वाले जिले हैं, हम सबको मिलकर इसे और बेहतर करते हुए जन आंदोलन बनाकर प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाना है। उन्होंने विधायक निधि से एक प्रतिशत राशि ट्री गार्ड के लिए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मॉ के नाम 2.0 को जन आंदोलन बनाकर वृक्षारोपण करें।

विधायक बरखेड़ा ने कहा कि ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट देने का कार्य प्रंशसानीय है बच्चों के लिए दिया गया इमारती पौधा बच्चे के साथ-साथ विकसित होगा, जो पर्यावरण के साथ साथ आर्थिक रूप से भी लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक पेड़ मॉ के नाम अवश्य लगाऐं। मण्डलायुक्त ने कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रांगण में एक हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है, हमें इनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि हम सबको पर्यावरण बचाने के लिए वृक्षारोपण अवश्य करना चाहिए तथा प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब मरीज अस्पताल से स्वस्थ होकर अपने घर जाए तो उसे उपहार के तौर पर एक पौधा अवश्य भेंट करें। उन्होंने छात्र/छात्राओं के भाषण एवं कविता की प्रंशसा करते हुए कहा कि इन विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें।
वृक्षारोपण जन अभियान के अन्तर्गत विभिन्न विभागों द्वारा अपने लक्ष्य के अनुरूप वृहद स्तर पर लाभकारी वृक्ष जैसे आम, पीपल, बरगद सहजन, नीम, सागौन जैसे लाभकारी वृक्षों का रोपण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने डीएफओ सामाजिक वानिकी को निर्देशित करते हुये कहा कि विभागों से समन्वय स्थापित करते हुये जियो टैगिंग कराना सुनिश्चित किया जाये और साथ ही साथ रोपित पौधों की देखभाल नियमित करना सुनिश्चित करें।
इसके उपरान्त आयुक्त , जिलाधिकारी एवं डीएफओ द्वारा राज्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को मोमेंटो के रूप में रूद्राक्ष के पौधें भेंट किये गए।