पीलीभीत:आगामी वर्षा काल में बाढ़ से बचाव की तैयारियों से संबंधित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ से निपटने हेतु की जाये पर्याप्त व्यवस्थाऐं-जिलाधिकारी।

पीलीभीत जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में वर्ष 2023 की सम्भावित बाढ से निपटने हेतु की जाने वाली तैयारियों के दृष्टिगत अनुश्रवण हेतु बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा राजस्व, कृषि, पुलिस, जल निगम, कृषि, पूर्ति, विधुत, सिचाई, नगर पालिका, पशु चिकित्सा, स्वास्थ्य, विभाग की तैयारियों से संबंधित कार्य योजना की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए समस्त संबंधित विभागों को कार्य योजना के अनुसार समस्त कार्यों को समय पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियन्ता सिंचाई को निर्देशित किया गया कि ड्यूनीडैम व वनबसा बैराज से विगत वर्षो की तरह शारदा नदी व देवहा नदी में छोडे जाने वाले पानी का जल स्तर प्रतिदिन सम्बन्धित उप जिलाधिकारी को भी अवगत कराया जाये। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड व अभियन्ता शारदा सागर खण्ड को निर्देशित किया गया कि बचाव हेतु निर्माणाधीन समस्त बाढ़ परियोजनाओं को माह मई के अन्त तक पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए एवं सम्बन्धित उप जिलाधिकारी मौके पर जाकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेगें। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के अन्तर्गत आने वाले ग्रामों की बाढ़ से सुरक्षा हेतु समीक्षा करते हुये बाढ़ से निपटने हेतु स्थापित बाढ़ चैकियों पर समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने व विभागवार किये जाने वाले कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सभी उप जिलाधिकारियों को बाढ़ से सम्बन्धित तैयारियों के सम्बन्ध में दिशा निर्देश देते हुये कहा कि सभी उप जिलाधिकारी अपने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गोताखोरों, नावों व गणमान्य स्थानीय लोगों के मोवाइल नम्बर, क्षेत्र में जेसीबी आदि की सूची मोवाइल नम्बर सहित अपने पास सत्यापित कर अवश्य रख लें, जिससे आपातकालीन स्थिति में तत्काल व्यवस्थाऐं सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी द्वारा समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बाढ़ प्रभावित ग्रामों के लेखपालों को सक्रिय करते हुये प्रतिदिन क्षेत्र का भ्रमण करना सुनिश्चित किया जाये और साथ ही साथ ग्राम प्रधानों से नियमित वार्ता की जाये, जिससे किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल अवगत कराया जा सके।
सभी उप जिलाधिकारी अपने क्षेत्रों में जहां पर कटान की सम्भावना हो की सूची तैयार कर अधिशासी अभियन्ता बाढ़ खण्ड को अवश्य अवगत करा दें। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण, अधिशासी अभियन्ता विद्युत आदि द्वारा बाढ़ के समय किये जाने वाले कार्यो के सम्बन्ध में की गई तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए अधिशाशी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित गांव का निरीक्षण कर ढीले तार व टूटे पोल को सही कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया आपातकालीन के दौरान वाहनों हेतु डीजल की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली जाये।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिये गये कि बरसात से पहले ही शहर के सभी नाला/नालियों की साफ सफाई करा ली जाये। जिससे कि बरसात के दिनों में शहर में कहीं पर भी जलभराव की स्थिति न उत्पन्न हो अन्यथा की स्थिति में कठोर कार्यवाही की जायेगी।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), नगर मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, अधिशासी अभियन्ता बाढ़ खण्ड, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई, अधिशासी अभियन्ता पीडब्लूडी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, प्रभारी अधिशासी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, सहित अन्य समस्त सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।