पूरनपुर। जातों के मेले की अनुमति लेने तहसील पहुंची घुंघचाई क्षेत्र की महिला बेहोश होकर गिर गई। इसको लेकर तहसील में खलबली मच गई। सीएचसी के चिकित्सक ने पहुंचकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। कोतवाल ने भी महिला से पूछताछ की हैघुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव गुलड़िया भूप सिंह निवासी अमित सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गांव भगौतीपुर में हर वर्ष मंदिर पर जातों के मेले का आयोजन किया जाता है। उनकी पत्नी माला सिंह मंदिर पर परमिशन की मांग को लेकर पिछले दो माह से तहसील के चक्कर काट रही हैं। बुधवार को महिला मेले की परमिशन के संबंध में उपजिलाधिकारी अजीत प्रताप सिंह से मिलने को तहसील में आई थी। तभी अचानक उपजिलाधिकारी कार्यालय से निकलते ही वह सीढ़ीओ के पास गिरकर बेहोश हो गई। महिला धूप में सीढ़ीयों के पास काफी देर तक बेहोश पड़ी रही। इस दौरान तहसील प्रशासन के जिम्मेदार मूकदर्शक बने रहे। अमित सिंह ने पानी का छीटा मारकर उनको होश में लाए। काफी देर बाद नायब तहसीलदार ने कार्यालय से कुर्सी लाकर महिला को दी। कुर्सी पर बैठी महिला दोबारा से फिर जमीन पर गिर गई। महिला की हालत बिगड़ने की सूचना पर पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डॉक्टर सूरज पांडे मौके पर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण किया। जानकारी लगते ही पूरनपुर कोतवाल सत्येंद्र कुमार कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। जानकारी के दौरान महिला फूट फूट कर रोने लगी। बोली आए दिन घुघंचाई पुलिस महिला पर शांति भग की कार्रवाई कर देते हैं।
