फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अगस्त 2025 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में आज ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का आयोजन कवि-साहित्यकार डॉ. शिवओम अम्बर की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी और जिला विकास अधिकारी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारत विभाजन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अवलोकन जिलाधिकारी, अधिकारियों, शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं ने किया। प्रदर्शनी में 1947 के विभाजन के दौरान झेली गई पीड़ा, संघर्ष और बलिदानों की मार्मिक झलक प्रस्तुत की गई।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभाजन से जुड़े अपने विचार रखे। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि यह दिवस हमें 1947 की उस त्रासदी की याद दिलाता है, जब आज़ादी की खुशी के साथ ही लाखों लोगों को अपने घर, ज़मीन और अपनों को छोड़कर पलायन करना पड़ा। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इतिहास को समझने के लिए प्रमाणिक पुस्तकों और मूल स्रोतों का अध्ययन करें, ताकि उस दौर के सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक पहलुओं को गहराई से समझा जा सके। उन्होंने आपसी सौहार्द, भाईचारा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किय
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. शिवओम अंबर ने कहा कि विभाजन दिवस हमारे लिए आक्रोश का दिवस है, क्योंकि देशवासियों को अंधेरे में रखकर अंग्रेजों ने देश का विभाजन किया। अब हमें ऐसी ताकतों से सावधान रहकर एकजुट रहना होगा।
इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, सुरेंद्र पांडे, डॉ. शशी किरण सिंह, कपिल कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
