फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 दिसंबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में पेंशनर्स दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी महोदय एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री अम्बरीष बाजपेई द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं उद्बोधन सेवानिवृत्त सहायक कोषाधिकारी श्री अखिलेश चन्द्र अग्निहोत्री द्वारा किया गया।
पेंशनर्स दिवस में वरिष्ठ कोषाधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, डायट प्राचार्य, सहायक आयुक्त आबकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों सहित 250 से अधिक पेंशनरों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान पेंशनरों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। चिकित्सा प्रतिपूर्ति में आ रही कठिनाइयों, पेंशन राशिकरण कटौती की अवधि, परिचय पत्र निर्गमन, वेतनमान से जुड़ी विसंगतियों तथा सेवापुस्तिका से संबंधित मामलों को पेंशनरों द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया। जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं नियमसंगत निस्तारण के निर्देश दिए। परिचय पत्र जारी करने के संबंध में तत्काल कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ कोषाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया कि पेंशन राशिकरण कटौती से संबंधित मामलों में माननीय न्यायालय के निर्णयों एवं शासनादेशों के अनुरूप ही कार्यवाही की जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित प्रकरणों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शीघ्र समाधान हेतु निर्देशित किया गया।
पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों द्वारा मासिक बैठक हेतु स्थान आवंटन सहित पांच सूत्रीय प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिस पर जिलाधिकारी महोदय ने सकारात्मक आश्वासन दिया। कार्यक्रम में उपस्थित पेंशनरों ने कोषागार फर्रूखाबाद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी महोदय के सहयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए आभार व्यक्त किया तथा नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं।
सभा के अंत में जिलाधिकारी महोदय द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु के 30 अति वरिष्ठ पेंशनरों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद प्रस्ताव के साथ पेंशनर्स दिवस का समापन हुआ।
