फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 नवम्बर 2025 शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को झनकू फाउंडेशन हरियाणा द्वारा संचालित डॉग कैचर नसबंदी केंद्र का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी तथा नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने फीता काटकर किया।
3 हजार कुत्तों की होगी नसबंदी
नसबंदी टीम प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि लगभग 3,000 कुत्तों को पकड़ा जाएगा। प्रत्येक कुत्ते की नसबंदी, टीकाकरण, इलाज और भोजन पर 996 रुपये का खर्च आएगा। टीम में कुल 9 सदस्य शामिल हैं— जिसमें 5 कर्मचारी, 1 ड्राइवर और 2 डॉक्टर मौजूद हैं।
5 दिन के भीतर उपचार और पुनर्स्थापन
पकड़े जाने के बाद कुत्तों की नसबंदी, वैक्सीन, आवश्यक दवाएं देकर उन्हें उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा, जहाँ से उन्हें पकड़ा गया था। यह प्रक्रिया अधिकतम 5 दिनों में पूरी की जाएगी।
बेहतर भोजन और देखभाल
पकड़े गए कुत्तों को पौष्टिक भोजन दिया जाएगा, जिसमें शामिल हैं—अंडा, पेडिग्री, सोयाबीन, चावल, चिकन, दूध, ब्रेड ताकि ऑपरेशन के बाद उन्हें पर्याप्त पोषण मिल सके।
डॉक्टरों की टीम करेगी नसबंदी
केंद्र में नसबंदी और इलाज का कार्य, डॉ. श्याम (छिबरामऊ), डॉ. आलोक (फर्रुखाबाद) द्वारा किया जाएगा। नगर पालिका ने इस पूरे अभियान के संचालन हेतु विजय शुक्ला को टीम प्रभारी बनाया है।
पहले दिन 29 कुत्ते पकड़े गए
अभियान के पहले दिन कुल 29 कुत्तों को पकड़कर केंद्र में रखा गया, जिनमें 23 मेल और 6 फीमेल कुत्ते शामिल हैं। सभी कुत्ते बीबीगंज क्षेत्र से पकड़े गए।
30 लाख का बजट, शहर को मिलेगी राहत
नगर पालिका के अनुसार इस अभियान के लिए 30 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि अभियान के सफल संचालन से शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित होगी, और कुत्तों के काटने की घटनाओं में कमी आएगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में ईओ विनोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी और नगर पालिका स्टाफ मौजूद रहा।
