फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 सितम्बर 2025 शासन के निर्देश पर जनपद स्तर पर “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान 01 सितम्बर से 30 सितम्बर 2025 तक चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिला प्रशासन व यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एआरटीओ फर्रुखाबाद सुभाष राजपूत, यातायात प्रभारी सत्येन्द्र कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार यादव एवं वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने पेट्रोल पंप स्वामियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना हेलमेट आए दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए।
कार्रवाई के दौरान पेट्रोल पंपों पर कई वाहन चालक बिना हेलमेट पहुंचे। मौके पर ही जांच टीम ने चालान करते हुए कुल 28 चालान किए और ₹85,500 का जुर्माना वसूला गया।
एआरटीओ सुभाष राजपूत ने कहा कि यह अभियान पूरे माह लगातार चलाया जाएगा। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें और अभियान में सहयोग करें।
जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि बिना हेलमेट अब न पेट्रोल मिलेगा और न ही छूट।
