एटा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 सितम्बर 2025 नगर निगम कानपुर द्वारा गौतमबुद्ध पार्क का नाम बदलकर उसे शिवालय पार्क करने की प्रस्तावित योजना को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। एटा लोकसभा क्षेत्र से सपा सांसद देवेश शाक्य ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर गहरी आपत्ति दर्ज कराई है।
सांसद देवेश शाक्य ने पत्र में कहा कि गौतमबुद्ध पार्क, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं गौतमबुद्ध के विचारों से जुड़ा हुआ है। यह स्थल ऐतिहासिक व सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और समाज के धार्मिक स्वतंत्रता एवं सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में इसे शिवालय पार्क में बदलने की योजना न सिर्फ अनुचित है बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की है कि:
1. गौतमबुद्ध पार्क को शिवालय पार्क में बदलने की योजना पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
2. गौतमबुद्ध पार्क के वर्तमान स्वरूप को सुरक्षित रखा जाए और इसे सांस्कृतिक पार्क के रूप में और भी सुदृढ़ किया जाए।
3. यदि धार्मिक पर्यटन हेतु शिवालय पार्क विकसित करना ही है तो उसके लिए किसी अन्य भू-भाग का चयन किया जाए।
सांसद ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संविधानिक मूल्यों और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए संवेदनशील निर्णय लेंगे। इस मामले में स्थानीय समाज के बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों ने भी नगर निगम की इस योजना को लेकर चिंता व्यक्त की है और विरोध दर्ज कराया है। यह विवाद अब राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
