फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2025 आज 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर फर्रुखाबाद के लोकप्रिय सांसद मुकेश राजपूत ने कलेक्ट्रेट परिसर, फतेहगढ़ में भव्य ध्वजारोहण समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उनके साथ उत्तर प्रदेश सरकार में मा० राज्य मंत्री (कारागार) श्री सुरेश राही भी उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर उसे सलामी दी और देशभक्ति के जयघोष के साथ स्वतंत्रता दिवस का उल्लास मनाया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों की याद का दिन है। वहीं राज्य मंत्री सुरेश राही ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनकी प्रेरणा हमें राष्ट्रहित में कार्य करने की शक्ति देती है।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को शॉल व सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रगाढ़ किया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल देशभक्ति का माहौल बनाया, बल्कि आज़ादी के अमर सपूतों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता भी व्यक्त की।
