पीलीभीत जिले में 22 जुलाई को 27 विभाग रोपेंगे 31 लाख से ज्यादा पौधे

वन महोत्सव के तहत इस बार जिले में एक से सात जुलाई तक जागरूकता अभियान चलाया गया। तब बारिश न होने कारण पौधरोपण के लिए शासन की ओर से तारीख का एलान नहीं किया गया था। अब मानसून आने पर शासन ने पौधरोपण की तारीख तय कर दी है। इसके तहत जिले में 22 जुलाई को 27 विभागों की ओर से 31,34,175 पौधे रोपे जाएंगे। बाकी 5,77,525 पौधे 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर लगाए जाएंगे। डीएफओ संजीव कुमार ने बताया पौधरोपण को लेकर सामाजिक वानिकी की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। संबंधित विभागों को उनके लक्ष्य के अनुसार पौधे वितरित किए जा रहे हैं। शासन की ओर से पौधरोपण की तारीख तय कर दी गई है। 22 जुलाई को जिले को मिले लक्ष्य के सापेक्ष 31 लाख से अधिक पौधों को लगाया जाएगा। शेष पौधों को 15 अगस्त के दिन लगाया जाएगा। जिले को इस बार 37,11,700 पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया है।