फर्रूखाबाद में मंत्री जयवीर सिंह ने किया बाढ़ प्रभावित गांव का निरीक्षण, भोजन वितरण व राहत कार्यों के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 सितम्बर 2025 पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश शासन के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित ग्राम दिलीप की मड़ैया का स्टीमर से पहुँचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों को पका हुआ भोजन वितरित किया और उनकी समस्याएँ सुनीं।

मंत्री जयवीर सिंह ने ग्रामीणों से सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की। उन्होंने जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए और उनके लिए भोजन, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की जाए।

ग्रामवासियों की मांग पर मंत्री जी ने उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत को तुरंत राशन की दूसरी किस्त वितरित कराने के निर्देश दिए। साथ ही, आवागमन की दिक्कतों को देखते हुए सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक नावों की सुविधा उपलब्ध कराने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद स्थायी समाधान के लिए सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा बांध का निर्माण कराया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक भोजपुर नागेंद्र राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा, सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।