फर्रुखाबाद में 09 जुलाई को होगा वृहद वृक्षारोपण: तैयारियों को लेकर डीएम की समीक्षा बैठक संपन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जुलाई 2025 कलेक्ट्रेट सभागार परिसर फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 09 जुलाई 2025 को जनपद में प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करना रहा।

समय पर पौधों का उठान, विभाग प्रमुख होंगे व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि समय से पौधों का उठान सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी विभाग को कोई समस्या हो तो वह तत्काल डीएफओ (वन अधिकारी) से संपर्क करे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने विभाग को प्राप्त वृक्षारोपण लक्ष्य के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।

उन्होंने वृक्षारोपण को सामाजिक और नैतिक दायित्व बताते हुए कहा कि इस कार्य को उत्सव के रूप में मनाया जाए। साथ ही बीडीओ एवं ईओ अपने-अपने क्षेत्रों में एक प्रमुख स्थल का चयन कर माननीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करें।

पौधों की जियो टैगिंग और औषधीय पौधों को प्राथमिकता

सभी विभागों को वृक्षारोपण के पश्चात हर पौधे की जियो टैगिंग कराने और प्रत्येक स्थल पर कम से कम एक औषधीय पौधा अवश्य लगाने के निर्देश दिए गए।

हरितिमा अमृत वन ऐप की जानकारी देते हुए डीएफओ ने बताया कि इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर वृक्षारोपण की रिपोर्टिंग की जा सकती है, साथ ही संबंधित जानकारी को meri life.nic.in पोर्टल पर भी अपलोड किया जाना अनिवार्य होगा।

प्लास्टिक के विरुद्ध सख्त अभियान के निर्देश

बैठक में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कठोर अभियान चलाने, आवश्यकतानुसार सीजर की कार्रवाई करने एवं जुर्माना राशि में वृद्धि करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।
साथ ही सभी प्रमुख घाटों पर कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में मौजूद प्रमुख अधिकारी

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, पीडी डीआरडीए, डीएफओ समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।