फर्रुखाबाद में एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई, पुलिस कार्यालय के बड़े बाबू 15,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 नवंबर 2025 फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित पुराने एसपी कार्यालय परिसर में आज एंटी करप्शन टीम ने एक महत्वपूर्ण और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कार्यालय में तैनात बड़े बाबू को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए बड़े बाबू हरेंद्र सिंह पर हेड कांस्टेबल आदित्य कुमार से TA-DA भुगतान के एवज में 1,45,000 रुपये के सापेक्ष रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम कई दिनों से मामले की निगरानी कर रही थी।

कैश लेते ही दबोचा गया बड़ा बाबू

आज शिकायतकर्ता हेड कांस्टेबल आदित्य कुमार से 15,000 रुपये की पहली किस्त लेते ही एंटी करप्शन टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़े बाबू हरेंद्र सिंह को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम द्वारा मौके पर की गई इस त्वरित कार्रवाई को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बुलंदशहर निवासी है आरोपी बाबू

जानकारी के मुताबिक, रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया बड़ा बाबू हरेंद्र सिंह मूल रूप से बुलंदशहर का निवासी है और वर्तमान में मेरठ में रह रहा था। वह पुलिस कार्यालय में बड़ी जिम्मेदारी वाले पद पर तैनात था, जहाँ उसके खिलाफ लंबे समय से भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही थीं।

लखनऊ ले जाया गया आरोपी

एंटी करप्शन टीम आरोपी बड़े बाबू हरेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई है। वहां आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने रिश्वत की बरामद राशि और संबंधित साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया है।

मामले से हड़कंप, विभाग में दहशत

इस कार्रवाई के बाद पुलिस कार्यालय के कर्मचारियों और अधिकारियों में खलबली मच गई है। विभागीय स्तर पर भी इस पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। एंटी करप्शन की इस बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि भ्र्ष्टाचार के विरुद्ध राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियां जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही हैं।

जैसे-जैसे मामले की आगे की कार्यवाही बढ़ेगी, और भी खुलासे होने की संभावना है।