फर्रुखाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध आतिशबाजी भंडारण पर छापा, एक गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अक्टूबर 2025 दीपावली पर्व के मद्देनज़र जनपद फतेहगढ़ में अवैध रूप से आतिशबाजी के भंडारण व विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत थाना शमसाबाद पुलिस ने छापा मारते हुए बड़ी मात्रा में आतिशबाजी बरामद की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिनांक 15.10.2025 को थाना शमसाबाद क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान 02 बोरी और 04 गत्ते के कार्टून आतिशबाजी बरामद की गई। मौके से अभियुक्त राजू सिंह उर्फ सतेंद्र सिंह पुत्र सुशील बाबू निवासी ग्राम खुडना धमगवां, थाना शमसाबाद, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार किया गया।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 200/25 धारा 05/9B(1)(b) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध आतिशबाजी, भंडारण या विक्रय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलेभर में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही आतिशबाजी खरीदें और अवैध आतिशबाजी की सूचना तत्काल स्थानीय थाने को दें।