फर्रुखाबाद में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: ओवरलोड बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, ₹27,970 का जुर्माना प्रस्तावित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी द्वारा प्राप्त निर्देशों के क्रम में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से दिनांक 16 दिसंबर 2025 को थाना शमसाबाद क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान खनन विभाग की टीम द्वारा औचक छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बालू से लदी हुई पाई गई। जांच करने पर रॉयल्टी में अंकित मात्रा से अधिक बालू का परिवहन किया जाना सामने आया, जो स्पष्ट रूप से ओवरलोड एवं नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खनन अधिकारी द्वारा ऑनलाइन नोटिस निर्गत किया गया तथा संबंधित वाहन को थाना शमसाबाद की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप विभाग को लगभग ₹27,970 (सत्ताईस हजार नौ सौ सत्तर रुपये) जुर्माने की धनराशि प्राप्त होने की संभावना है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं ओवरलोड परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे खनिज परिवहन से संबंधित नियमों का पालन करें तथा अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें।