फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अक्टूबर 2025 जिले में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक से जा रहे तीन छात्र तेज धमाके की चपेट में आ गए, जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम दलेलगंज निवासी 17 वर्षीय दीपांशु पुत्र राजेश, मेरापुर के फतेहपुर परौरी निवासी 16 वर्षीय ध्रुव पुत्र नारायण और ध्रुव का पड़ोसी 16 वर्षीय प्रयाग पुत्र आनंद तिवारी, तीनों छात्र इंटर कॉलेज कायमगंज के कक्षा 11 के छात्र थे। शुक्रवार दोपहर तीनों छात्र बाइक से किसी काम से निकले थे। बताया जा रहा है कि उनके पास प्रतिबंधित पटाखों से भरी एक बोरी थी, जो बाइक से फिसलकर सड़क पर गिर गई। बोरी गिरते ही तेज धमाका हुआ और तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सीएचसी कायमगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ध्रुव और प्रयाग को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपांशु को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दोनों मृतक छात्र अपने परिवारों के इकलौते बेटे थे। हादसे की खबर मिलते ही घरों में कोहराम मच गया। ध्रुव की माँ ममता और प्रयाग की माँ प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का रोना देख मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
सूचना मिलते ही एसडीएम अतुल कुमार, तहसीलदार विक्रम सिंह और अपराध निरीक्षक राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने घटनास्थल से विस्फोट के अवशेष भी बरामद किए हैं। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग इस दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध हैं और प्रशासन से बच्चों के साथ इस तरह के प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
