फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अक्टूबर 2025 जनपद की राजकीय हवाई पट्टी मोहम्मदाबाद पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब एक प्राइवेट जेट टेकऑफ के दौरान अनियंत्रित होकर झाड़ियों में जा घुसा। सौभाग्य से विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का प्राइवेट जेट (VT-DJZ) बीते सोमवार शाम लगभग 3 बजे भोपाल से मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी पर उतरा था। इस विमान में वीयर फैक्ट्री खिमसेपुर के डीएमडी अजय अरोड़ा, एसबीआई हेड सुमित शर्मा, और डीपीओ राकेश टीकू सवार थे। ये सभी खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में बन रही फैक्ट्री के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने आए थे।
मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे वे सभी भोपाल लौटने के लिए विमान में सवार हुए। जैसे ही जेट ने टेकऑफ के लिए रनवे पर लगभग 400 मीटर तक रफ्तार पकड़ी, अचानक विमान दाईं ओर अनियंत्रित होकर रनवे से उतर गया और झाड़ियों में जा घुसा।
सूचना मिलते ही एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय, सीओ अजय वर्मा, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला, फायर ब्रिगेड अधिकारी आशीष वर्मा समेत प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
कंपनी के यूपी प्रोजेक्ट हेड मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि “फ्लाइट के पहिए में हवा कम होने के बावजूद पायलट ने उड़ान भरने का प्रयास किया, जिससे यह हादसा हुआ। पायलट को पहले से इसकी जानकारी थी।”
वहीं फायर ब्रिगेड विभाग ने बताया कि उन्हें विमान की लैंडिंग या टेकऑफ की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। केवल 25-30 मिनट पहले जानकारी दी गई, जिससे समय पर सुरक्षा इंतजाम नहीं हो सके।
सीओ अजय वर्मा ने बताया कि विमान रनवे पर उड़ान भरने से पहले अनियंत्रित होकर दाहिनी ओर चला गया। हादसे की तकनीकी जांच की जा रही है।
फिलहाल, विमान में सवार डीएमडी अजय अरोड़ा ने बताया कि अब वे आगरा से फ्लाइट लेकर भोपाल जाएंगे।
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी:
एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय, अपर उप जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला, सीओ अजय वर्मा, फायर ब्रिगेड अधिकारी आशीष वर्मा, क्षेत्रीय लेखपाल संजय कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर रहे।
