मैनपुरी:ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो श्रद्धालुओं की मौत, 20 घायल

मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात औंछा बाईपास मार्ग पर ट्रक की टक्कर से श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 20 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार शीतला देवी मंदिर में नेजा चढ़ाने के बाद वापस लौट रहे थे। दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव रठेरा निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र कश्मीर सिंह शुक्रवार को शीतला देवी मंदिर में नेजा चढ़ाने के लिए आए थे। उनके साथ रिश्तेदार और ग्रामीण भी दो ट्रैक्टरों में सवार होकर आए थे। सभी लोग नेजा चढ़ाने के बाद वापस लौट रहे थे। शुक्रवार रात करीब आठ बजे औंछा बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित पलट गया। हादसे में जितेंद्र कुमार के भाई सतेंद्र कुमार (40) व अनीता (20) पुत्री नेम सिंह निवासी रठेरा की मौत हो गई। 20 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।