फर्रुखाबाद में आकाशीय बिजली का कहर: चार युवक घायल, अस्पताल में भर्ती

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अगस्त 2025 जिले में रविवार को अचानक बदले मौसम ने चार युवकों के जीवन पर आफ़त ला दी। थाना क्षेत्र के ग्राम कांधेमई मिल्किया में खेतों में भैस चरा रहे चार युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गये। सभी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कांधेमई मिल्किया निवासी अंकित (17) पुत्र मुलायम सिंह, आकाश (22) पुत्र राजेन्द्र, रोहन (16) पुत्र ओंकार और ऋषभ (15) पुत्र अनिल कुमार खेतों में भैस चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए चारों खेत के किनारे बैठ गये, तभी तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और चारों उसकी चपेट में आ गये।

घटना में झुलसे तीन किशोरों और एक युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

सीएचसी के चिकित्सक डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और खतरे से बाहर हैं।

ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर चिंता जताई और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की अपील की। प्रशासन ने भी लोगों से सावधानी बरतने की हिदायत दी है।