फर्रुखाबाद में केशव प्रसाद मौर्य बोले सभी विपक्षी एक भी हो जाएं तब भी भाजपा को नहीं रोक पाएंगे

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा की साइकिल पश्चिम उत्तर प्रदेश के चुनाव में ही उड़कर सैफई पहुंच गई है। अखिलेश यादव का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। जिन पुलिस के जवानों ने पांच वर्ष में गुंडों से प्रदेश को खाली कराने का काम किया है। उसका दर्द कन्नौज की सभा में उनकी जवान पर आ गया है।

गुरुवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कायमगंज विधानसभा क्षेत्र की अपना दल (एस) गठबंधन की प्रत्याशी डा. सुरभि के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा की साइकिल पश्चिम के चुनाव में ही उड़कर सैफई पहुंच गई। हार की निराशा अखिलेश यादव के चेहरे पर दिख रही है। भाजपा ने सपा के गुंडों द्वारा कब्जा की जमीन को खाली कराया और आज उस पर गरीबों के लिए मकान बनाए जा रहे हैं। मैनपुरी की करहल में कमल का फूल खिल रहा है। इसीलिए अखिलेश यादव बौखला रहे हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ये मत समझना गुंडों को दिखा दोगे तो लोग वोट डालने नहीं जाएंगे। अब वोट भी पड़ेगा और जनता आपको चोट भी करेगी। उन्होंने करहल सीट से भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल पर हमले का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे प्रत्याशी पर सपा के गुंडों द्वारा हमला करवाया गया। सड़क, बिजली, पानी आदि की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने गठबंधन के प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगा।