कानपुर:गौतम बुद्धा पार्क को शिवालय पार्क में बदलने की योजना पर सांसद चन्द्र शेखर ने जताई आपत्ति

कानपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अगस्त 2025 नगीना से लोकसभा सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एड. चन्द्र शेखर आजाद ने कानपुर नगर निगम द्वारा गौतम बुद्धा पार्क को शिवालय पार्क में परिवर्तित करने की योजना पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।

सांसद चन्द्र शेखर ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा 15 करोड़ रुपये की लागत से इस पार्क को परिवर्तित करने की स्वीकृति दी गई है, जो संविधान की मूल भावना और बहुजन समाज की आस्थाओं के खिलाफ है।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि गौतम बुद्धा पार्क केवल हरित क्षेत्र ही नहीं है, बल्कि यह बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और भगवान गौतम बुद्ध की करुणा, समानता और बंधुत्व के विचारों से जुड़ा एक प्रतीकात्मक स्थल है। ऐसे में इसे किसी विशेष धर्म या सम्प्रदाय के स्वरूप में बदलना सामाजिक समरसता को ठेस पहुंचा सकता है।

सांसद की प्रमुख मांगें

1. गौतम बुद्धा पार्क को शिवालय पार्क में बदलने की योजना पर तुरंत रोक लगाई जाए।

2. पार्क का मौजूदा स्वरूप सुरक्षित रखा जाए और इसे बुद्ध-आंबेडकर सांस्कृतिक पार्क के रूप में विकसित किया जाए।

3. यदि धार्मिक पर्यटन हेतु शिवालय पार्क का विकास करना है तो इसके लिए किसी अन्य स्थान का चयन किया जाए।

सांसद ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री संविधानसम्मत मूल्यों और सामाजिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील निर्णय लेंगे।

यह मामला अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है और देखना होगा कि सरकार इस पर आगे क्या रुख अपनाती है।