(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जून 2025 उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर स्थित बी. टेक. ऑडिटोरियम में आयोजित भारतीय संविधान जागरूकता प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देश के भविष्य निर्माता युवाओं से संवाद किया और लोकतंत्र के लिए योगदान देने वाले सेनानियों को सम्मानित किया।
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि “राष्ट्र निर्माण की दिशा में जब युवा शक्ति सोचती है, तो देश की दिशा और दशा दोनों बदल जाती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में यह चेतना अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसमें युवाओं की भागीदारी निर्णायक सिद्ध हो रही है।”
कार्यक्रम में युवाओं ने संविधान की मूल भावनाओं को समझने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी हेतु मॉक पार्लियामेंट के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अभिनव प्रयास को उपमुख्यमंत्री ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने वाला बताया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कई प्रमुख नेता व जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इनमें भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल, सांसद श्री रमेश अवस्थी, कानपुर की महापौर श्रीमती प्रमिला पाण्डेय, विधायक व पूर्व मंत्री श्रीमती नीलिमा कटियार, विधायक श्री महेश त्रिवेदी, श्री राहुल बच्चा सोनकर, भाजपा के जिलाध्यक्ष श्री अनिल दीक्षित व श्री उमेश पासवान, पूर्व प्रदेश मंत्री श्री सुरेश अवस्थी समेत अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता व गणमान्य जन शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को उपमुख्यमंत्री द्वारा अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे सभागार में गर्व और प्रेरणा का भाव देखने को मिला। इस आयोजन को विश्वविद्यालय प्रशासन, भाजपा युवा मोर्चा एवं सामाजिक संगठनों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। आयोजन का उद्देश्य संविधान की मूल आत्मा को युवाओं के बीच जागृत करना और उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग बनाना रहा।
