कन्नौज:स्वतंत्रता दिवस पर कन्नौज यातायात पुलिस का अनोखा जागरूकता अभियान

कन्नौज:(द दस्तक24 न्यूज़) 15 अगस्त 2025 को 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कन्नौज यातायात पुलिस ने देशभक्ति के साथ-साथ सड़क सुरक्षा का विशेष संदेश देने के लिए एक सराहनीय पहल की। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशानुसार, क्षेत्राधिकारी यातायात कुलबीर सिंह के नेतृत्व में प्रभारी यातायात आफाक खां द्वारा तिर्वा क्रॉसिंग और पुलिस लाइन मोड़ पर हेलमेट एवं तिरंगा वितरण कर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चालकों को न केवल यातायात नियमों की जानकारी दी, बल्कि उन्हें सही तरीके से हेलमेट पहनाने का महत्व भी समझाया। जिन वाहन चालकों के पास हेलमेट नहीं था, उन्हें नए हेलमेट गिफ्ट किए गए। हेलमेट पाने के बाद वाहन चालकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने यातायात पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की।

प्रभारी यातायात और क्षेत्राधिकारी यातायात ने वाहन चालकों को तिरंगा भेंट कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। तिरंगा वितरण के साथ ही उन्होंने संदेश दिया कि सड़क पर सुरक्षा और देश के प्रति जिम्मेदारी – दोनों का पालन हर नागरिक का कर्तव्य है।

इस मौके पर मुख्य आरक्षी विजय बाबू, आरक्षी कन्हैया यादव, आरक्षी इंद्रपाल और चालक नीरेश कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान को देखने पहुंचे स्थानीय लोगों ने यातायात पुलिस की इस अभिनव कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मददगार होंगे, बल्कि लोगों के मन में यातायात नियमों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित करेंगे।

कन्नौज यातायात पुलिस का यह प्रयास स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति और जन-जागरूकता का अद्वितीय संगम साबित हुआ।